कोटा। बोरखेड़ा क्षेत्र में शनिवार रात उस समय लोगों में हड़कंप मच गया, जब करीब 5 फीट लंबा मगरमच्छ सड़क पर दिखाई दिया। कंचनजंगा मल्टी के पास व्यस्त सड़क पर अचानक मगरमच्छ के पहुंचने से वाहन चालक और राहगीर सतर्क हो गए। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ पास के बड़े नाले से निकलकर सड़क पर आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ कुछ देर तक सड़क के डिवाइडर के पास रहा। इसके बाद वह सड़क पार करने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार उसके बेहद करीब से गुजरी। मगरमच्छ कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। कार के गुजरने के बाद वह तेजी से सड़क पार कर दूसरी तरफ पहुंचा और वापस नाले में चला गया।
वाहन रोककर देखने लगे राहगीर
सड़क पर अचानक मगरमच्छ दिखाई देने से राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए, जबकि कुछ लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर घटनाक्रम देखते रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन से मगरमच्छ का वीडियो भी बनाया।
व्यस्त सड़क पर मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण कुछ देर तक वाहन चालक भी अतिरिक्त सतर्क नजर आए। हालांकि, घटना में मगरमच्छ के घायल होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बड़े नाले से सड़क तक पहुंचने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, बोरखेड़ा क्षेत्र में बड़े नाले और आसपास के जलभराव वाले हिस्सों के चलते कई बार मगरमच्छ के आसपास के इलाकों में पहुंचने की आशंका बनी रहती है। इस घटना में भी मगरमच्छ सड़क पर आने के बाद वापस नाले में चला गया।
मानपुरा के अपार्टमेंट में भी पहुंचा मगरमच्छ
वन विभाग के रेस्क्यूअर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बोरखेड़ा में सड़क पर मगरमच्छ आने की सूचना उन्हें नहीं मिली है। हालांकि, मानपुरा मेन रोड स्थित एक अपार्टमेंट में मगरमच्छ घुसने की सूचना मिली है। सूचना के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।
एक ही रात में शहर के अलग-अलग हिस्सों में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ी है। वन विभाग की टीम संबंधित सूचनाओं के आधार पर रेस्क्यू कार्रवाई कर रही है।
