नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। बोरखेड़ा क्षेत्र से गुजर रही नहरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोटा महानगर गौ सेवकों ने अतिरिक्त संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा दीवारों की ऊंचाई बढ़ाने और आवश्यक स्थानों पर मजबूत जालियां लगाने की मांग की। गौ सेवकों ने कहा कि नहरों की सेफ्टी वॉल और डोलियों की ऊंचाई कम होने के कारण गौवंश के नहर में गिरने की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही नहरों के आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है।
योगेंद्र स्वामी, जोश ठाकुर, कपिल गौड़, राकेश सेनी, राकेश गोलू, विशाल और रोहित के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में नहरों की सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करने की मांग की गई। गौ सेवकों ने कहा कि केवल अस्थायी इंतजाम के बजाय नहरों के संवेदनशील हिस्सों में पर्याप्त ऊंचाई की सुरक्षा दीवारें और मजबूत जालियां लगाई जानी चाहिए, ताकि गौवंश के साथ किसी प्रकार की जनहानि की आशंका को भी कम किया जा सके।
गौ सेवकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुरक्षा दीवारों की ऊंचाई बढ़ाकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
