अंतरराष्ट्रीय करियर में 14 पदक, 13 स्वर्ण और एक कांस्य
नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग में कोटा की अरुंधति चौधरी ने एक बार फिर अपनी मुक्केबाजी का दम दिखाया है। फिनलैंड के टैम्पेरे शहर में आयोजित टैमर कप इंटरनेशनल टूर्नामेंट में अरुंधति ने स्वर्ण पदक जीतकर लगातार छठा अंतरराष्ट्रीय गोल्ड अपने नाम किया।
70 किलोग्राम भार वर्ग में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहीं अरुंधति ने प्रतियोगिता में अपने सभी मुकाबले 5-0 से जीते। क्वार्टर फाइनल में फिनलैंड की विलमा कूसीक्को, सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की बीलोओलुना और फाइनल में आयरलैंड की एवलिन ईघरो को हराया।
शुरुआती कोच अशोक गौतम ने भी उनके प्रदर्शन को शानदार बताया। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित इस टूर्नामेंट के बॉक्सिंग मुकाबले 30 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच हुए। प्रतियोगिता में भारत की सात महिला और सात पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अरुंधति की इस जीत से उनके अंतरराष्ट्रीय पदकों की संख्या 14 हो गई है। इनमें 13 स्वर्ण और एक कांस्य पदक शामिल हैं। करीब डेढ़ साल पहले चोट और सर्जरी के कारण अरुंधति को मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा था। डॉक्टर की सलाह के बाद उन्होंने रिंग में वापसी की और लगातार सफलता हासिल कर रही हैं। अब उनका लक्ष्य ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। जीत के बाद उन्होंने अपनी मां सुनीता चौधरी, बहन डॉ. चारुलता और भाई से भी बात की।
