नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन ने विद्युत लाइन शिफ्टिंग और वन विभाग की मंजूरी से जुड़ी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने पर जोर दिया है। संभागीय आयुक्त एवं कलक्टर पीयूष समारिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में एयरपोर्ट निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई), वन विभाग, केडीए, जेवीवीएनएल, आरवीपीएनएल, पीजीसीआईएल और पीएचईडी के अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। एएआई अधिकारियों ने बताया कि टर्मिनल बिल्डिंग के फाउंडेशन का काम चल रहा है। विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग पूरी होने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी।
आरवीपीएनएल अधिकारियों ने बताया कि 220 केवी विद्युत लाइन की शिफ्टिंग का काम जारी है। वहीं, 400 केवी लाइन की शिफ्टिंग वन विभाग की मंजूरी मिलने के बाद अगले छह माह में पूरी करने का लक्ष्य है। गैर-वन क्षेत्र में लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा किया जा चुका है।
समारिया ने वन विभाग को फॉरेस्ट क्लियरेंस की प्रक्रिया में तेजी लाने और जेवीवीएनएल को एयरपोर्ट के बिजली कनेक्शन का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों से जलापूर्ति पाइपलाइन की प्रगति की जानकारी भी ली। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी, केडीए सचिव मुकेश चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
