कोटा। भाई दूज के पर्व पर कोटा सेंट्रल जेल में भाई-बहन के प्रेम और अपनत्व के भावुक दृश्य देखने को मिले। जेल में बंद भाइयों को तिलक लगाने और रक्षा सूत्र बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जेल पहुंचीं। कई महिलाएं दूर-दराज के क्षेत्रों से अपने भाइयों से मिलने आईं। जेल परिसर में बहनों ने परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर भाइयों की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की।
त्योहार को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। महिलाओं की सुविधा के लिए बैठने और पीने के पानी का इंतजाम किया गया। सुरक्षा के लिहाज से महिला पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा। बहनों की ओर से लाई गई मिठाई और अन्य सामग्री की जांच के बाद ही उन्हें जेल परिसर में प्रवेश दिया गया।
जेल की चारदीवारी के बीच मनाया गया यह पर्व भाई-बहन के अटूट स्नेह और रिश्तों की मजबूती का प्रतीक बना। बहनों के लिए यह मौका अपने भाइयों से मिलने और त्योहार की खुशियां साझा करने का रहा।
