नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। शहर पुलिस ने केंद्रीय कारागृह में औचक चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। अभियान के दौरान पुलिस और जेल के करीब 150 अधिकारियों-कर्मचारियों ने जेल परिसर में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। मेटल डिटेक्टर की मदद से बैरक, लंगर, अस्पताल और हार्डकोर बंदियों के वार्ड की गहन जांच की गई।
चेकिंग अभियान के तहत जेल के विभिन्न हिस्सों में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस और जेलकर्मियों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान पूरा किया। जांच के दौरान जेल परिसर से कोई अवैध या निषिद्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
औचक चेकिंग का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल करना और प्रतिबंधित सामग्री की आशंका को लेकर सतर्कता बरतना रहा।
