नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में कुश्ती का पारंपरिक रोमांच इस बार बड़े इनाम और आकर्षक पुरस्कारों के साथ देखने को मिलेगा। दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर 2 से 4 नवंबर तक चम्बल राजस्थान केसरी कुश्ती दंगल आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में पहलवान आठ प्रमुख खिताबों के लिए जोर-आजमाइश करेंगे। विजेताओं और प्रतिभागियों को कुल 11 क्विंटल घी वितरित किया जाएगा, जबकि नकद पुरस्कार के रूप में 13 लाख रुपए की राशि रखी गई है।
महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि सोमवार सुबह 11:30 बजे गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम दंगल का उद्घाटन करेंगे। राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। 4 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि होंगे और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा अध्यक्षता करेंगे।
आठ खिताबों के लिए मुकाबले
आयोजन सचिव एवं जिला कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष तेजेन्द्र सिंह बराड़ ने बताया कि पुरुष वर्ग में चम्बल राजस्थान केसरी फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन, चम्बल राजस्थान कुमार फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन और चम्बल राजस्थान बसंत खिताब के लिए मुकाबले होंगे। महिला वर्ग में हाड़ी रानी चम्बल राजस्थान केसरी, हाड़ी रानी चम्बल राजस्थान कुमारी और हाड़ी रानी चम्बल राजस्थान किशोरी के खिताब दांव पर रहेंगे। अलग-अलग वर्गों में विजेताओं को 31 हजार से एक लाख रुपए तक के पुरस्कार दिए जाएंगे। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले पहलवान भी पुरस्कृत होंगे।
विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ पांच किलो घी और प्रत्येक प्रतिभागी को एक किलो घी दिया जाएगा। दंगल में हाड़ौती स्तर की कुश्तियां भी होंगी। महिला और पुरुष वर्ग में 25 से 55 किलो भारवर्ग के पहलवान 14 खिताबों के लिए मुकाबला करेंगे। विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ कॉस्ट्यूम, जूते और अन्य जरूरी सामग्री की किट भी मिलेगी।
आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि मुकाबलों के लिए श्रीराम रंगमंच परिसर में मंच तैयार कर मैट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। पहलवानों की सुविधाओं के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन के दौरान पहलवानों के लिए नि:शुल्क ब्लड जांच शिविर भी लगेगा। दर्शकों के लिए लकी ड्रॉ और दंगल की बेहतरीन रील्स बनाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए नकद पुरस्कार की व्यवस्था भी की गई है।
