नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा के छावनी क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नहर में डूबने से चार युवकों की मौत के मामले में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की।
राखी गौतम ने हादसे पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब छावनी नहर में प्रतिमा विसर्जन होना पहले से तय था, तो वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाती तो संभवतः इस तरह की दुखद घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने हादसे की जवाबदेही तय करने की मांग भी की।
गौतम ने कहा कि इस घटना ने प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को उजागर किया है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाने चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और बचाव दल की तैनाती के साथ आवश्यक सुरक्षा संसाधन तथा निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों की जान जोखिम में न पड़े।
उन्होंने कहा कि चार युवकों की मौत से प्रभावित परिवारों को इस अपूरणीय क्षति के समय सरकार की ओर से हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए। कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी ने यह जानकारी दी।
