नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा के छावनी क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नहर में डूबने से चार युवकों की मौत पर पूर्व मंत्री एवं विधायक शांति धारीवाल ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुखद घड़ी में उन्हें संबल देने की प्रार्थना की। धारीवाल ने कहा कि युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों को गहरा आघात पहुंचा है।
धारीवाल ने राज्य सरकार से हादसे में जान गंवाने वाले युवकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।
उन्होंने नहरों और जलाशयों के आसपास पर्याप्त निगरानी रखने, सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने तथा बचाव के जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों की जान जोखिम में न पड़े।
