नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित एक कोचिंग परिसर में शुक्रवार शाम जेईई की तैयारी कर रहे दो नाबालिग छात्रों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक छात्र ने बिहार निवासी साथी के सिर पर खिलौने वाली बंदूक के बट से हमला कर दिया। चोट लगने से घायल छात्र को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कोचिंग परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार शाम करीब छह बजे हुई। दोनों छात्र किसी बात को लेकर आपस में उलझ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक छात्र ने खिलौने वाली बंदूक के बट से दूसरे के सिर पर वार कर दिया। हमले में घायल छात्र के सिर से खून निकलने लगा। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि दोनों छात्र नाबालिग हैं और जेईई की तैयारी कर रहे हैं। घायल छात्र अपनी मां के साथ कोटा में रहता है। उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल विवाद के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
