कोटा। शहर में सड़क हादसे में एक कोचिंग छात्र की मौत हो गई। छात्र सावन मीणा देर शाम कोचिंग से पढ़ाई करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से मंडाना लौट रहा था। इसी दौरान जगपुरा चौकी के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सावन की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना पर रानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। रानपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
