कोटा। शिक्षा नगरी कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर-1 कोचिंग एरिया में मंगलवार देर शाम कोचिंग छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले।
सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो वायरल
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस कर रही वायरल वीडियो की जांच
जानकारी के अनुसार, घटना में किसी छात्र के घायल होने की सूचना नहीं है। मामला सामने आने के बाद विज्ञान नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी रामलक्षण वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन शामिल था।
कोचिंग एरिया में सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
कोटा में बड़ी संख्या में देशभर से छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं। ऐसे में कोचिंग क्षेत्रों में छात्रों के बीच होने वाली इस तरह की घटनाएं सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
