कोटा। नागरिक अभिव्यक्ति। कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पार्षदों और निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों ने प्रदेश महासचिव अमित धारीवाल के नेतृत्व में एआईसीसी सह-प्रभारी पूनम पासवान से मुलाकात की। बैठक में निकाय चुनाव के दौरान पार्टी संगठन की भूमिका, प्रत्याशियों को मिले समर्थन और चुनाव परिणामों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में प्रमुख रूप से उन नेताओं और कार्यकर्ताओं का मुद्दा उठाया गया, जिन पर अधिकृत कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने और संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। पार्षदों एवं प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में काम करने के बजाय उनके विरोध में गतिविधियां कीं। इससे पार्टी प्रत्याशियों को चुनाव में नुकसान उठाना पड़ा।
प्रतिनिधिमंडल ने ऐसे मामलों की संगठन स्तर पर जांच कराने और जिम्मेदार पाए जाने वाले नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।
एआईसीसी सह-प्रभारी पूनम पासवान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि पार्टी के विरुद्ध कार्य करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उपलब्ध तथ्यों और प्रमाणों की जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और आगामी समय में पार्टी में अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य जफर मोहम्मद, पूर्व उपमहापौर सोनू कुरैशी, पवन मीणा, डीसीसी सचिव सुमित गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष नेवालाल गुर्जर, ललित कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष विष्णु मेवाड़ा सहित पार्षद दिनेश गोस्वामी, सारिका वर्मा, राकेश चौहान, फैजल बेग, युनुस मोहम्मद, हुस्न आरा, अशोक मेघवाल, मंगल तम्बोली समेत पार्षद प्रत्याशी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
