कोटा, 29 सितंबर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार शाम को कोटा जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी कोटा शहर एवं देहात के संयुक्त तत्वावधान में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और उनका पुतला दहन किया। कांग्रेस ने SIR की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कई आरोप लगाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राजस्थान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में नामों को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान किया जाना चाहिए और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए।
पीसीसी महासचिव एवं कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और SIR के नाम पर मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की बात कही।
देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि गांव-गांव में मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसे स्वीकार नहीं करेगी। वहीं शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन सड़क से सदन तक जारी रहेगा।
पीपल्दा विधायक चेतन पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है। लाडपुरा प्रत्याशी नईमुद्दीन गुड्डू ने SIR के मुद्दे को गरीब, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं के अधिकारों से जोड़ते हुए इसका विरोध किया। सह प्रभारी धर्मराज मेहरा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रदर्शन में पीसीसी महासचिव अनूप ठाकुर, कैथून नगरपालिका की पूर्व चेयरमैन आयना महक, संगठन महासचिव हेमराज गौतम, उपाध्यक्ष श्याम गौतम, डॉ. विजय सोनी, देहात संगठन महासचिव मनीष शर्मा, अनुराग गौतम, पूर्व उपमहापौर पवन मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष गीता मेघवाल, अनूप मेहरा, परशराम मेघवाल, रईस खान, प्रवक्ता साजिद खान लाल, भरत जैन मामा, पार्षद अमरनाथ वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मिर्जा शकील अहमद, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष गायत्री मीणा, एसटी कांग्रेस जिला अध्यक्ष सूर्य प्रकाश मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष ओम बैरवा, इनायत हसन, राहुल पुरुस्वानी, अमित दाधीच, पूर्व जिला परिषद सदस्य रामराज यादव, सामाजिक न्याय विभाग अध्यक्ष गजराज सिंह, अशफाक खान और दीपक मोदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि SIR को लेकर कांग्रेस देश के विभिन्न हिस्सों में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठा रही है। दूसरी ओर, चुनाव आयोग अपनी चुनावी सूची संबंधी प्रक्रिया को संवैधानिक एवं निर्धारित व्यवस्था के तहत संचालित करने की बात कहता रहा है।
