नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
मताधिकार की सुरक्षा और कथित वोट चोरी के विरोध में कांग्रेस की ओर से सोमवार को दिल्ली में आयोजित विरोध मार्च में कोटा से सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कोटा शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में आयोजित प्रदर्शन में भाग लिया।
राखी गौतम ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि वोट की रक्षा करना प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का संकल्प है। यह लड़ाई केवल मताधिकार तक सीमित नहीं, बल्कि लोकतंत्र और जनता के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा से भी जुड़ी है। कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी ने बताया कि मार्च में अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आबिद कागजी, पार्षद अनुराग गौतम, जोगेंद्र बिरवाल, मनीष भारद्वाज, शानू इनायत, कपिल शर्मा, आबिद अंसारी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबलू कसाना, आशीष धाकड़, अर्पित जैन, शब्बर और शहदाब सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
