नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा शहर में चाकूबाजी और हत्या जैसी गंभीर घटनाओं के आरोपियों की तलाश के बीच सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट चर्चा में है। विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर आजम खान पर चाकू से हमले के मामले में आरोपी इमरान पठान उर्फ इमरान कालिया की बताई जा रही पोस्ट में लिखा है- ‘भूल तो नहीं गए हमें।’ इसके साथ ‘किंग ऑफ कोटा’ हैशटैग का भी इस्तेमाल किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को विज्ञान नगर क्षेत्र में 4 से 5 बदमाशों ने आजम खान को रोककर मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सोशल मीडिया पर सामने आई एक अन्य पोस्ट में लिखा है- ‘किसी इंसान की एक गलती को माफ करना अपनी सबसे बड़ी गलती है।’ डीएसपी हिमांशु सिंह के अनुसार, आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
उधर, अनंतपुरा थाना क्षेत्र में 5 अक्टूबर की रात बीटेक छात्र भुवनेश नागर की हत्या के मामले में भी आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोप है कि 4 से 5 बदमाशों ने छात्र पर लाठी, पाइप और सरियों से हमला करने के बाद चाकू से कई वार किए थे। कुछ आरोपियों के नाबालिग होने की बात भी सामने आई है।
अनंतपुरा थानाधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश जारी है।
