कोटा। शहर के सीवी गार्डन स्थित तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में करीब एक दर्जन बतखों की मौत से जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बतखें दम तोड़ रही हैं। पशुपालन विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में बतखों के फेफड़ों (लंग्स) में संक्रमण के संकेत मिले हैं। एक बतख का पोस्टमार्टम भी कराया गया है, जिसकी आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।
उधर, तालाब में गंदे पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बतखों की मौत संक्रमण से हुई या इसके पीछे पानी की खराब गुणवत्ता कोई वजह है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
