कोटा। शहर के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित हनुमान बस्ती में दिनदहाड़े बाइक चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोरी की यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बदमाश बाइक लेकर तेजी से भागता हुआ दिखाई दे रहा है।
पीड़ित बाइक मालिक विजय कुमार पारेता ने इस संबंध में दादाबाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, 16 अगस्त को विजय कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल हनुमान बस्ती इलाके में स्थित कमल किराना स्टोर के सामने खड़ी की थी। कुछ ही देर बाद जब वे वापस लौटे, तो मौके से बाइक गायब मिली।
सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात बदमाश मौका पाकर बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बदमाश को भागते देख उसका पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर दादाबाड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाश की पहचान और तलाश में जुट गई है।
