नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। शहर में पावर बाइक से स्टंट करने और साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर सड़क पर दौड़ने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में बाइक पर स्टंट कर रहे एक युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया। युवक ने बीच सड़क पर पुलिस से बहसबाजी की। इसके बाद पुलिस ने बाइक जब्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, युवक पावर बाइक पर सवार होकर सड़क पर तेज आवाज करते हुए बाइक दौड़ा रहा था। बाइक के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकल रही थी। इस तरह की हरकत से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। पुलिस ने युवक को रोककर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह बहस करने लगा। बीच सड़क पर पुलिस से बहसबाजी के कारण मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
मामले में दादाबाड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक जब्त कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई से सड़क पर स्टंट करने और तेज आवाज वाले साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश मिला है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जा सकती है।
