कोटा, 3 नवंबर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के कैथून के अरंडखेड़ा गांव के पास बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहे दो दोस्तों की तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट ऊंचाई से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन दोनों युवक सुरक्षित बच गए। पुलिस के अनुसार सीट बेल्ट लगाने और एयरबैग खुलने से दोनों की जान बच गई।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली के द्वारका मोड़ निवासी विक्रांत पुत्र सुरेंद्र कुमार और सागरपुर निवासी मोहित कुमार पुत्र सुरेश कुमार एसयूवी से उज्जैन जा रहे थे। तड़के अरंडखेड़ा के पास चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और एसयूवी एक्सप्रेसवे से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों युवकों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। गनीमत रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर कैथून थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त एसयूवी को हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारू कराया गया।
हादसा एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा में नींद और थकान के प्रति लापरवाही के खतरे को सामने लाता है।
