कोटा, 28 सितंबर। रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन, कोटा की ओर से नगर निगम कोटा के नवनिर्वाचित उप महापौर विवेक राजवंशी का सोमवार को नगर निगम कार्यालय में स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं साफा पहनाकर उनका सम्मान किया और कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश जैन ने कहा कि अनुभवी अधिकारियों का प्रशासनिक अनुभव और जनप्रतिनिधियों का नेतृत्व मिलकर शहर के विकास को दिशा और गति दे सकता है। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं के विस्तार, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में दोनों के समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र शहरी विकास के क्षेत्र में कार्य किए जाने की आवश्यकता बताई।
स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने पर जोर
उप महापौर विवेक राजवंशी ने कहा कि जनसेवा के संकल्प के अनुरूप कोटा को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोटा कचौरी, कोटा स्टोन और शिक्षा के लिए देशभर में पहचान रखने वाले कोटा को शहरवासियों की सहभागिता से स्वच्छता और सुव्यवस्थित शहरी विकास के क्षेत्र में भी आगे ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से शहर के विकास को गति दी जा सकती है। राजवंशी ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों का सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ एवं अनुभवी नागरिकों का मार्गदर्शन जनहित के कार्यों में उपयोगी रहेगा।
एसोसिएशन के महामंत्री आर.के. जैन ने बताया कि संस्था पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा, जनजागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नगर विकास और जनहित से जुड़े सकारात्मक प्रयासों में संस्था सहयोग करती रहेगी।
शहर के विकास पर किया विचार-विमर्श
कार्यक्रम में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनसहभागिता सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन संगठन के संरक्षक अजय सोरल ने किया।
इस अवसर पर रामस्वरूप अजमेरा, परमानंद गोयल, लक्ष्मण सिंह, रणवंत सिंह राणा, टीकमचंद जैन, महावीर जैन, राकेश शर्मा, रवि गुप्ता, हेमराज चित्तौड़ा, देवेंद्र शर्मा, एल.आर. सिन्हा, महावीर विजय और वी.एस. चंद्रावत सहित एसोसिएशन के पदाधिकारीएवं सदस्य मौजूद रहे।
