कोटा। दीपावली पर कोटा शहर को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमगाने के साथ नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा। त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए अस्थाई पार्किंग विकसित की जाएगी। वहीं, खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी और शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
इस संबंध में मंगलवार को जिला कलेक्टर पीयूष समारिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। इसमें महापौर अनुसूया गोस्वामी, उपमहापौर विक्रम रावत, व्यापार महासंघ के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दीपावली के दौरान शहर की व्यवस्थाओं, बाजारों की सजावट, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई।
बाजारों के नजदीक बनेंगी अस्थाई पार्किंग
त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों के आसपास उपलब्ध खाली स्थानों को अस्थाई पार्किंग के रूप में चिन्हित किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थानों पर ही कराई जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष मिश्रा ने बताया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रिंक एंड ड्राइव और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित पार्किंग का उपयोग नहीं करने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी।
मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की होगी सैंपलिंग
दीपावली पर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर कलेक्टर ने मिलावटखोरों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग बढ़ाने और मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
बाजारों में होगी आकर्षक सजावट, बेहतर बाजार होंगे पुरस्कृत
कलेक्टर ने नगर निगम को पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने और प्रमुख स्थानों पर आकर्षक विद्युत सजावट कराने के निर्देश दिए। महापौर अनुसूया गोस्वामी ने व्यापारिक संगठनों से अपने प्रतिष्ठानों और बाजारों में सफाई एवं सजावट करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। व्यापार महासंघ के माहेश्वरी ने बताया कि व्यापारी संगठन अपने-अपने बाजारों में भव्य सजावट करेंगे। सबसे बेहतर सजावट करने वाले बाजारों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
बिजली व्यवस्था और अग्निशमन टीम रहेगी अलर्ट
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जेवीवीएनएल और केईडीएल को खुले बिजली बॉक्स, ट्रांसफार्मर और ढीले तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित टीमों को अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया। नगर निगम की फायर फाइटिंग टीम को भी मुस्तैद रहने और आग लगने की आशंका वाले स्थानों का पहले से निरीक्षण कर जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान शहर में स्वच्छता, बेहतर यातायात व्यवस्था और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।
