कोटा। शहरभर में दीपोत्सव पर्व की धूम देखने को मिल रही है। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। प्रमुख चौराहों और सड़कों पर आकर्षक विद्युत सजावट तथा रंग-बिरंगी पेंटिंग शहरवासियों और राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। त्योहार के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस विभाग और नगर निगम की फायर टीम अलर्ट मोड पर है।
शहर की प्रमुख सड़कों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा। अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी कैमरों से पूरे शहर की निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा दिव्य दृष्टि ड्रोन के माध्यम से भीड़भाड़ वाले इलाकों की मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। कोटा ग्रामीण क्षेत्र में भी पुलिस थानों पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया है।
चार जोन में बांटा शहर, 32 दमकलें रहेंगी तैयार
दीपोत्सव के दौरान आगजनी या किसी अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। शहर को त्वरित राहत और बचाव कार्यों के लिए चार जोन में विभक्त किया गया है। कुल 32 दमकलें तैनात रहेंगी। छह मुख्य फायर स्टेशनों के अलावा शहर के प्रमुख पुलिस थानों पर भी दमकलें उपलब्ध कराई गई हैं।
125 कर्मचारी रात में रहेंगे मुस्तैद
चीफ फायर ऑफिसर राकेश व्यास ने बताया कि दीपोत्सव को देखते हुए फायर विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं।
दो दिनों तक कर्मचारियों की 12-12 घंटे की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। रात के समय करीब 125 कर्मचारी मुस्तैद रहेंगे। दमकलों पर गोताखोरों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए हाइड्रोलिक मशीन, वाटर कैनन और दो बाइक दमकल भी तैयार रखी गई हैं। विभाग का प्रयास है कि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में कम से कम समय में राहत पहुंचाई जा सके।
वहीं, शहर में आकर्षक विद्युत सजावट और प्रमुख चौराहों पर बनाई गई पेंटिंग दीपोत्सव की रौनक बढ़ा रही हैं। बाजारों में खरीदारी का उत्साह और सड़कों पर रोशनी का नजारा त्योहार के माहौल को खास बना रहा है।
