कोटा। दीपावली पर आतिशबाजी के बीच शहर में आगजनी की घटनाओं ने दमकल विभाग की रातों की नींद उड़ा दी। दो दिन में शहर के अलग-अलग इलाकों में 61 से अधिक जगह आग लगने की घटनाएं सामने आईं। कहीं कच्ची झोपड़ियां आग की चपेट में आईं तो कहीं दुकानें, आवासीय फ्लैट और औद्योगिक परिसर तक लपटें पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां रातभर एक स्थान से दूसरे स्थान तक दौड़ती रहीं। इन घटनाओं में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है।
सोमवार को माला रोड पर कच्ची झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। वहीं कैथूनीपोल में फर्नीचर की दुकान में आग लगने से व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। कोटड़ी में ऑटो पार्ट्स की दुकान, प्रेमनगर स्थित अफोर्डेबल योजना के फ्लैट और जेके फैक्ट्री परिसर में भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा एयरपोर्ट परिसर में सूखी झाड़ियों में भी आतिशबाजी की चिंगारी से आग भड़क गई।
चीफ फायर ऑफिसर राकेश व्यास के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों से आग लगने की सूचनाएं मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर भेजी गईं। कर्मचारियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका।
दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं ने शहर में अग्नि सुरक्षा और आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर किया। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से इन घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।
