ADVERTISEMENT
ब्रेकिंग न्यूज़
• हाड़ौती अंचल: कोटा में नए रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट के लिए 120 करोड़ का अतिरिक्त बजट स्वीकृत • चुनाव आयोग ने आगामी निकाय चुनाव हेतु वोटर लिस्ट अपडेशन की समय सीमा बढ़ाई • राजस्थान बोर्ड परीक्षा 2026 की समय सारिणी घोषित, शिक्षा विभाग की बड़ी तैयारी • टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम ने दूसरे मुकाबले में भी दर्ज की धमाकेदार जीत
नागरिक अभिव्यक्ति
होम / ताजा खबर / लेख विस्तार
ताजा खबर

मिठाई-मावे के नाम पर सेहत से खिलवाड़, बाजार में पहुंचने से पहले 35 क्विंटल माल सीज

कार्रवाई | सिंधी कॉलोनी और अम्बेडकर नगर में संदिग्ध मिठाई-मावा जब्त किए, 21 नमूने लिए

संवाददाता
विशेष संवाददाता विशेष रिपोर्टर
अक्षर आकार:
मिठाई-मावे के नाम पर सेहत से खिलवाड़, बाजार में पहुंचने से पहले 35 क्विंटल माल सीज
मिठाई-मावे के नाम पर सेहत से खिलवाड़, बाजार में पहुंचने से पहले 35 क्विंटल माल सीज
ADVERTISEMENT
खबर शेयर करें:

नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा

दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच कोटा में मिलावट का खतरा भी बढ़ गया है। बाजार में उपभोक्ताओं तक संदिग्ध खाद्य सामग्री पहुंचने से पहले ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले चार दिनों में विभाग ने दो बड़ी कार्रवाइयों में 35 क्विंटल से अधिक संदिग्ध सोहन केक, मावा और मिल्क प्रोडक्ट सीज किए हैं। 31 अक्टूबर को सिंधी कॉलोनी में 19.20 क्विंटल सोहन केक पकड़ा गया था, जबकि 3 नवंबर को अम्बेडकर नगर कच्ची बस्ती स्थित मातेश्वरी मिल्क प्रोडक्ट्स से 15.90 क्विंटल संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मावा और मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। विभाग ने खराब और बदबूदार 110 किलो अमचूर-छुआरा भी नष्ट करवाया है।

मातेश्वरी मिल्क प्रोडक्ट्स से 1590 किलो माल सीज

मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा दल ने अम्बेडकर नगर कच्ची बस्ती स्थित मातेश्वरी मिल्क प्रोडक्ट्स का औचक निरीक्षण किया। यहां नंदी ब्रांड स्वीट हलवा के 540 किलो, नंदी ब्रांड इंडियन डेजर्ट के 450 किलो, सोहन मावा के 240 किलो तथा फीका व मीठा मावा के 360 किलो सहित कुल 1590 किलो खाद्य सामग्री मिली। माल के स्वामी ने सोहन सहित संबंधित उत्पादों को रिफाइंड तेल, लिक्विड ग्लूकोज, इलायची, मिल्क पाउडर, दूध और चीनी से निर्मित बताया। खाद्य सुरक्षा दल को प्रथम दृष्टया सभी खाद्य पदार्थ संदिग्ध प्रतीत हुए। टीम ने अलग-अलग लॉट से पांच नमूने लिए और शेष 1590 किलो माल सीज कर माल के स्वामी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवाया। नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

सिंधी कॉलोनी में 1920 किलो सोहन केक मिला था

इससे पहले 31 अक्टूबर को किशोरपुरा थानाधिकारी चेतन शर्मा से मिली सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा दल ने सिंधी कॉलोनी स्थित दुकान नंबर 187 का निरीक्षण किया था। मौके पर 48 कार्टून में सोहन केक मिला। प्रत्येक कार्टून में 40 किलो माल था। इस तरह कुल 1920 किलो मिल्क केक मिला। माल के स्वामी जमना शंकर ने इसका निर्माण बूंदी जिले के नमाना गांव में करना बताया। उत्पाद में रिफाइंड तेल, लिक्विड ग्लूकोज, इलायची, मिल्क पाउडर, दूध और चीनी का उपयोग बताया गया। टीम ने अलग-अलग लॉट से दो नमूने लेकर शेष 1916 किलो सोहन केक एवं इंडियन स्वीट सीज किया। सीज माल दुकान मालिक बृजेश नानवानी और माल के स्वामी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवाया गया।

मावा मंडी से लेकर छह क्षेत्रों में सैंपलिंग

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बोरखेड़ा, गुमानपुरा मावा मंडी, केशवपुरा, बजरंग नगर, सिंधी कॉलोनी और रावतभाटा रोड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। 3 नवंबर की कार्रवाई में कुल 21 नमूने लिए गए। इससे पहले गुमानपुरा मावा मंडी की सात दुकानों न्यू अग्रवाल मावा सेंटर, स्वास्तिक मावा भंडार, न्यू सिंगल मावा, श्री मावा, चांदमल जैन एंड संस, आदिनाथ मावा और जैन मावा से मावे के आठ नमूने लिए गए थे। अग्रसेन बाजार में अरिहंत किराणा से पिस्ता कतरन व चांदी के वर्क, महावीर किराणा से बादाम व कालीमिर्च के नमूने लेकर नौ किलो बादाम सीज किए गए। रामबक्श औंकार लाल से कालीमिर्च व बादाम कतरन, अंकित ट्रेडिंग कंपनी से चांदी का वर्क, श्रीजा ट्रेडर्स से काजू व बादाम तथा सच्चानंद नूतन दास किराना से जीरे का नमूना लिया गया। केशवपुरा की तुषार ट्रेडिंग कंपनी से बासमती चावल का नमूना भी लिया गया।

रसगुल्ला फैक्ट्री में गंदगी, सुधार नोटिस जारी होगा

रावतभाटा रोड स्थित नया गांव में बीकानेरी रसगुल्ला निर्माता फर्म के निरीक्षण में स्वच्छता और सैनिटेशन की स्थिति बेहद खराब मिली। दीवारों पर प्लास्टर नहीं था और उनसे रेत-मिट्टी गिरकर फर्श पर आ रही थी। फर्श फिसलन भरा था, जिससे दुर्घटना की आशंका थी। फूड लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं था। खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारियों ने हेयर कैप नहीं पहन रखी थी। मौके पर मेडिकल सर्टिफिकेट और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं करवाए गए। यहां से रसगुल्ला और दूध के दो नमूने लिए गए। विभाग खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करेगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

110 किलो खराब अमचूर-छुआरा नष्ट, मेले में भी जांच

इससे पहले विभाग ने खराब और बदबूदार 110 किलो अमचूर एवं छुआरा मौके पर नष्ट करवाया था। एक कोल्ड स्टोरेज का भी निरीक्षण किया गया, जिसे जीएसटी विभाग पहले ही सीज कर चुका था। संचालक को बिना अनुमति किराना और ड्राई फ्रूट सप्लाई नहीं करने के लिए पाबंद किया गया। स्टोरेज में रखे ड्राई फ्रूट की गुणवत्ता जांच के बाद ही विक्रय की अनुमति देने की बात कही गई। राष्ट्रीय दशहरा मेले में भी करीब 12 दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को साफ-सफाई, हेयर कैप और दस्ताने पहनने तथा खाद्य गुणवत्ता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। रामगंजमंडी में मावा, बर्फी और मलाई बर्फी के चार नमूने भी लिए गए थे।

बाहर से आने वाले मावा-पनीर पर भी निगरानी

सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर के अनुसार, त्योहारी सीजन में दूध, मावा, पनीर, मिठाई, तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री की खपत बढ़ने से मिलावट की आशंका रहती है। इसलिए जिले में लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है। दूसरे राज्यों से बसों और ट्रेनों के माध्यम से आने वाली खाद्य सामग्री, विशेषकर मावा और पनीर पर निगरानी रखी जा रही है। अभियान प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौर के निर्देशन में जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया और सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर के सुपरविजन में खाद्य सुरक्षा दल कार्रवाई कर रहा है। सभी नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई होगी।

ADVERTISEMENT
लेखक

विशेष संवाददाता

नागरिक अभिव्यक्ति विशेष डिजिटल रिपोर्टर एवं विश्लेषक।

comment पाठकों की प्रतिक्रिया (Comments)

अपनी राय दर्ज करें: