नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
त्योहारों का मौसम बाजारों के लिए नई उम्मीदें लेकर आता है। दीपावली पर खरीदारी, दुकानों की सजावट और ग्राहकों की चहल-पहल से बाजारों में रौनक बढ़ती है। हालांकि इस बार आर्थिक सुस्ती, ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन और लोगों की सीमित खर्च क्षमता के कारण व्यापारियों को अपेक्षित बिक्री का इंतजार है। छोटे व्यापारियों के सामने चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन स्थानीय बाजारों में बेहतर कारोबार की संभावनाएं भी बनी हुई हैं।
इसके लिए ग्राहकों और व्यापारियों, दोनों को अपनी भूमिका निभानी होगी। मेरे अनुभव में पिछले कुछ वर्षों में व्यापार का स्वरूप तेजी से बदला है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ग्राहकों को घर बैठे खरीदारी, कई विकल्प और आकर्षक छूट उपलब्ध करा रहे हैं। दूसरी ओर स्थानीय दुकानदारों को दुकान का किराया, बिजली बिल, कर्मचारियों का वेतन और माल की लागत जैसे खर्च भी उठाने पड़ते हैं। ऐसे में हर वस्तु पर ऑनलाइन कंपनियों जैसी छूट देना छोटे व्यापारियों के लिए आसान नहीं है। इसके बावजूद स्थानीय बाजारों की विश्वसनीयता, व्यक्तिगत संपर्क और ग्राहकों को सीधे सेवा देने की क्षमता उनकी बड़ी ताकत है।
कोचिंग अर्थव्यवस्था से जुड़ा है बाजार का कारोबार
कोटा में कोचिंग क्षेत्र में आई मंदी का असर केवल हॉस्टल और मैस तक सीमित नहीं रहा है। इसका प्रभाव शहर के दूसरे व्यवसायों पर भी पड़ा है। महंगाई और घरेलू बजट की चिंता के चलते कई परिवार खरीदारी में प्राथमिकताएं तय कर रहे हैं। इसका असर कपड़े, जूते-चप्पल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, सजावटी सामान और उपहारों के कारोबार में भी महसूस किया जा रहा है। त्योहारी सीजन छोटे व्यापारियों के लिए विशेष महत्व रखता है। व्यापारी पहले से माल मंगाते हैं, दुकानों को सजाते हैं और बिक्री बढ़ने की उम्मीद में निवेश करते हैं। उन्हें विश्वास रहता है कि त्योहारों पर अच्छा कारोबार होने से सालभर के खर्च निकालने और पुराने भुगतान चुकाने में मदद मिलेगी। अपेक्षित बिक्री नहीं होने पर पूंजी फंसने और मुनाफा घटने की चिंता स्वाभाविक है।
