नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। दीपावली पर मिट्टी के दीपकों को बढ़ावा देने और कुंभकार परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सराहना की। समाजसेवी डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने बिरला के निवास पर पहुंचकर मिट्टी के भगवा, सफेद और हरे रंग के दीपकों से सजी थाली तथा मोम से भरे दीपकों का विधिवत शुभारंभ करवाया।
इस अवसर पर ओम बिरला ने कहा कि मिट्टी के दीपकों के उपयोग को प्रोत्साहित करने की पहल सराहनीय है। डॉ. सैनी पिछले 12 वर्षों से इस अभियान से जुड़े हैं। उनका उद्देश्य दीपावली पर अधिक से अधिक घरों में मिट्टी के दीपक जलें, ताकि पारंपरिक कारीगरों यानी कुंभकारों को रोजगार के अवसर मिलें और उनके घरों में भी त्योहार की खुशियां पहुंचे।
इस दौरान डॉ. सैनी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रभुलाल सैनी, डॉ. गिरिराज राठौड़, डॉ. संजय गर्ग, नरेंद्र नागर, मुकेश मालव, गौरव तंवर और सौरव तंवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
