नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। राजकीय मेडिकल कॉलेज, कोटा के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सचिन कुमार मीणा ने राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। गुजरात के करमसद में आयोजित राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन ICFMTCON-2026 में उन्हें फैकल्टी ओरल प्रेजेंटेशन श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
सम्मेलन में देशभर से फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी के 100 से अधिक विशेषज्ञों, प्राध्यापकों और चिकित्सा शिक्षकों ने भाग लिया। इसमें चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और फॉरेंसिक मेडिसिन के समसामयिक विषयों पर अकादमिक विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. सचिन मीणा ने सम्मेलन में ‘मेडिकल स्टूडेंट्स परसेप्शन ऑफ नीट-पीजी कोचिंग एंड टीचिंग इन फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी’ विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत किया। इसमें चिकित्सा विद्यार्थियों के नजरिए से नीट-पीजी की तैयारी, कोचिंग आधारित शिक्षण और फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विषय के अध्यापन से जुड़े शैक्षणिक पहलुओं का अध्ययन किया गया। निर्णायक मंडल ने उनकी प्रस्तुति की सराहना करते हुए द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया।
इसी सम्मेलन में कोटा मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थी डॉ. सिद्धेश जैन को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में विभाग के शिक्षक और विद्यार्थी दोनों की उपलब्धियों से महाविद्यालय का गौरव बढ़ा।
