नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। विजयादशमी पर इस बार कोटा के दशहरा मैदान में 105 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। इसके साथ 70-70 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पुतलों के निर्माण का काम पूरा हो चुका है और अब इन्हें अंतिम रूप देने के लिए सजावट की जा रही है। रावण के पुतले में इस बार कुछ खास तकनीकी खूबियां भी रखी गई हैं।
रावण के कुनबे के पुतले तैयार कर रहे आमिर ने बताया कि वह पिछले करीब ढाई महीने से अपनी टीम के साथ निर्माण में जुटे हुए थे। इस काम में लगभग 20 कारीगर शामिल रहे। उन्होंने बताया कि रावण की गर्दन घूमेगी, उसका मुंह चलेगा और वह तलवार भी घुमाएगा। इन विशेषताओं के कारण रावण दहन का दृश्य दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।
आमिर के अनुसार, वह वर्ष 2019 से लगातार कोटा में रावण के पुतले बना रहे हैं। पुतलों का निर्माण पूरा होने के बाद अब उन्हें सजाने-संवारने का काम किया जा रहा है। विजयादशमी पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासियों के पहुंचने की उम्मीद है।
