नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा, 25 अक्टूबर। राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में होने वाले बाल प्रतिभा कार्यक्रम को लेकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। रविवार को नगर निगम भवन में आयोजित ऑडिशन में कोटा शहर और आसपास के क्षेत्रों के 180 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयनित बच्चों को दशहरा मेले के सांस्कृतिक मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
ऑडिशन के दौरान बच्चों ने राजस्थानी लोकनृत्य, वेस्टर्न डांस और सोलो डांस की प्रस्तुतियां दीं। नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी कला और आत्मविश्वास से निर्णायक मंडल को प्रभावित करने का प्रयास किया। दो दिवसीय ऑडिशन प्रक्रिया के माध्यम से बच्चों की प्रस्तुतियों का आकलन किया गया।
महापौर अनुसूइया गोस्वामी ने बताया कि दशहरा मेले के सांस्कृतिक मंच पर 30 अक्टूबर और 2 नवंबर को बाल प्रतिभा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऑडिशन में चयनित बच्चों को मुख्य प्रस्तुति से पहले विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
ऑडिशन में कोरियोग्राफर आसिफ खान, विशाल गौतम और इमरान खान निर्णायक मंडल के रूप में मौजूद रहे। चयनित बच्चों को इन अनुभवी कोरियोग्राफर्स के मार्गदर्शन में पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना और उनकी कला को प्रोत्साहित करना है।
