नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में शुक्रवार को बाल प्रतिभाओं की रंगारंग प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विजयश्री रंगमंच पर रात 8.30 बजे बाल प्रतिभा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कोटा और आसपास के क्षेत्रों के चयनित बाल कलाकार गायन, वादन और नृत्य के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि दशहरा मेला सभी आयु वर्ग के कलाकारों को मंच देने की परंपरा निभाता रहा है। इसी क्रम में इस बार भी बाल प्रतिभा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए पहले ही ऑडिशन आयोजित किए गए थे, जिनके माध्यम से प्रतिभाशाली बच्चों का चयन किया गया है। चयनित कलाकार शुक्रवार को विजयश्री रंगमंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
गायन, वादन और समूह नृत्य का संगम
कार्यक्रम में बच्चों की एकल गायन और वादन प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक और आधुनिक गीतों पर समूह नृत्य भी होंगे। रंगमंच पर नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम को व्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए बच्चों की अंतिम डांस रिहर्सल भी पूरी कर ली गई है। बच्चों ने अभ्यास के दौरान अपनी प्रस्तुतियों को अंतिम रूप दिया।
बाल प्रतिभा कार्यक्रम के जरिए बच्चों को बड़े मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उनकी रचनात्मकता और सांस्कृतिक रुचि को प्रोत्साहन मिलेगा।
