कोटा, 2 नवंबर। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले के तहत आयोजित चम्बल राजस्थान कुश्ती दंगल में सोमवार को हाड़ौती स्तर के बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबलों में जोरदार दांव-पेच देखने को मिले। अखाड़े में उतरे युवा पहलवानों ने दमखम और तकनीक का प्रदर्शन किया। बालकों के विभिन्न भार वर्गों में क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले हुए, जबकि बालिका वर्ग के सात भार वर्गों में फाइनल की तस्वीर साफ हो गई।
आयोजन सचिव एवं जिला कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष तेजेन्द्र सिंह बराड़ ने बताया कि बालक वर्ग के 45 किलोग्राम भार वर्ग में गौरव मारवन, अंकुश, तरुण सेन, रोहन, ऋद्धम प्रकाश, प्रांतु सेन, लोकेश गुर्जर और उत्कर्ष ने अगले दौर में जगह बनाई। 30 किलोग्राम में हर्ष, सात्विक शर्मा, मो. ईज्ञान, दीपक, देवांश, देवांश (शाला क्रीड़ा संगम), सुमित कहार और यथार्थ सुमन ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीते। 25 किलोग्राम में रौनक कुमावत, अंशु जाटव, वेदांश, यश, वंश, विजय, कुश कुमावत और गणेश ने अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं 55 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में समीर, मनीष, देवराज और आवेश पहुंचे।
बालिका वर्ग में सात भार वर्गों के खिताबी मुकाबले तय हो गए। 25 किलोग्राम में चेष्टा-राखी, 30 में शिवानी-योगिता, 35 में सपना-दिव्यांशी, 40 में रुपाली-रितिका, 45 में नंदनी-दिव्यांशी, 50 में अन्नू-प्रिया और 55 किलोग्राम में प्रिया-पलक के बीच फाइनल मुकाबले होंगे। तीसरे स्थान के लिए भी प्रत्येक भार वर्ग में पहलवानों के मुकाबले होंगे।
आयोजन प्रभारी भानुप्रताप सुमन ने बताया कि मंगलवार को दंगल का रोमांच और बढ़ेगा। राजस्थान के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। इनमें अंडर-17 एशियन गेम्स पदक विजेता कशिश गुर्जर, राजस्थान केसरी एवं सीनियर पदक विजेता कविता माली, अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता संध्या विश्नोई और दीपक पहलवान प्रमुख हैं।
दंगल में पुरुष एवं महिला वर्ग के कुल आठ प्रतिष्ठित खिताबों के लिए मुकाबले होंगे। पुरुष वर्ग में चम्बल राजस्थान केसरी (फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन), चम्बल राजस्थान कुमार (फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन) और चम्बल राजस्थान बसंत के खिताब दांव पर होंगे। महिला वर्ग में हाड़ी रानी चम्बल राजस्थान केसरी, हाड़ी रानी चम्बल राजस्थान कुमारी और हाड़ी रानी चम्बल राजस्थान किशोरी के लिए पहलवान जोर आजमाएंगी। निष्पक्ष मुकाबलों के संचालन के लिए भीमराज जाट, राकेश पुरी, अविनाश भीलवाड़ा, सचिन चंदेला, रामनिवास विश्नोई, अमन शेख और शुभम सेन रेफरी की भूमिका निभाएंगे।
