कोटा। लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक आयोजनों का साक्षी बना 133वां राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 गुरुवार, 5 नवंबर को भव्य आतिशबाजी के बीच विदाई लेगा। विजयश्री रंगमंच पर शाम 6 बजे आयोजित समापन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। उनके हाथों मेले के औपचारिक समापन की घोषणा के बाद परंपरानुसार मेला ध्वज का अवतरण किया जाएगा।
महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि समापन समारोह में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा और विधायक कल्पना देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह को यादगार बनाने के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारी की गई है।
मेला अधिकारी ओपी मेहरा ने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके बाद गगनचुंबी आतिशबाजी से दशहरा मैदान का आसमान रोशनी से जगमगा उठेगा। आतिशी नजारे समापन संध्या का प्रमुख आकर्षण रहेंगे। एक महीने तक चले मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक प्रतियोगिताओं, मनोरंजन और लोक कलाओं के विभिन्न रंग देखने को मिले।
