नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और जनसुविधाओं को लेकर नगर निगम ने निगरानी तेज कर दी है। निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ घंटे तक मेला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था सुधारने, शौचालयों सहित सभी जनसुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और मेला ग्राउंड में अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवेश द्वारों पर फुटकर विक्रेताओं के कारण आवागमन बाधित नहीं होने देने को कहा।
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि मेले में आने वाले लोगों को साफ-सुथरा परिसर और बेहतर जनसुविधाएं मिलनी चाहिए। शौचालयों सहित सभी सार्वजनिक सुविधाओं की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। अतिक्रमण अनुभाग के अधिकारियों को रात के समय मेला ग्राउंड का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि फुटकर विक्रेता आमजन के आने-जाने में बाधा बन रहे हैं तो उन्हें ऐसे स्थान पर व्यवस्थित किया जाए, जहां आवागमन प्रभावित नहीं हो।
प्रवेश द्वारों पर नहीं लगेगी रास्ता रोकने वाली दुकानें
मेला परिसर के प्रवेश द्वारों पर फुटकर विक्रेताओं के कारण लोगों को होने वाली परेशानी पर आयुक्त ने विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि द्वारों के सामने दुकानें या सामान इस तरह नहीं लगाया जाए, जिससे लोगों के प्रवेश और निकास में बाधा आए। प्रवेश द्वारों पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए।
बिना अनुमति ब्रांडिंग पर शुल्क या हटेगी सामग्री
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने राजस्व विभाग की टीम को मेला परिसर में लगी प्रचार सामग्री की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों ने बड़ी कंपनियों के उत्पादों की ब्रांडिंग या प्रचार सामग्री लगाई है, उनसे नियमानुसार शुल्क जमा करवाया जाए अथवा सामग्री हटवाई जाए। बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने की छूट नहीं दी जाएगी।
दुकानदारों ने बताया, बाजार अच्छा चल रहा है
आयुक्त ने मेले में व्यापारियों से बातचीत कर बाजार की स्थिति और व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। दुकानदारों ने बताया कि इस बार बाजार अच्छा चल रहा है और ग्राहकों की आवाजाही भी बेहतर है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ग्राहकों की संख्या बढ़ने से व्यापार में और तेजी आएगी। व्यापारियों ने उत्तर जोन पर विशेष ध्यान देने की मांग की। उनका कहना था कि इस क्षेत्र में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ाने के प्रयास होने चाहिए, जिससे वहां की दुकानों पर भी ग्राहकी बढ़े और कारोबार को गति मिले।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त उत्कर्ष यादव, धीरज कुमार सोनी, राकेश व्यास, अधिशासी अभियंता एक्यू कुरैशी, विष्णु वैष्णव, राजस्व अधिकारी विजय अग्निहोत्री सहित विभिन्न अनुभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
