कोटा, 21 अक्टूबर। कोटा के 133वें राष्ट्रीय मेला दशहरा-2026 में गुरुवार को पाक-कला के शौकीनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। मेले के तहत नगर निगम भवन में सुबह 10 बजे से फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभागियों को बिना आग जलाए महज 30 मिनट में एक डिश तैयार करनी होगी।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य शहर की पाक-कला प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है। इसमें प्रतिभागी अपने रचनात्मक विचारों और पाक-कौशल का प्रदर्शन कर सकेंगे। प्रतियोगिता में सुरक्षा और नवाचार को ध्यान में रखते हुए चूल्हे, गैस या इंडक्शन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक प्रतिभागी को निर्धारित समय में केवल एक व्यंजन तैयार करना होगा। व्यंजन बनाने में इस्तेमाल होने वाली सभी आवश्यक सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी।
मेले में जारी रहेगी प्रतियोगिताओं की श्रृंखला
मेला अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि दशहरा मेले में शहरवासियों के लिए पारंपरिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन आयोजनों के जरिए विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा
आगामी प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम
- 24 अक्टूबर: मल्लखंभ प्रतियोगिता
- 26 अक्टूबर: हत्ता माला प्रतियोगिता
- 27 अक्टूबर: दिन में रंगोली, मांडना और मेहंदी प्रतियोगिताएं; रात में साफा बांधो प्रतियोगिता
- 28 अक्टूबर: बेस्ट ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता
- 30 अक्टूबर और 2 नवंबर: बाल प्रतिभा कार्यक्रम
- 1 नवंबर: दाढ़ी-मूंछ प्रतियोगिता
