नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा में रविवार को 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का भव्य शुभारंभ होगा। नवरात्र स्थापना के साथ शुरू हो रहे इस उत्सव में सुबह मां दुर्गा की आराधना होगी, जबकि शाम को प्रभु श्रीराम की स्तुति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। अगले 26 दिन तक मेला शहरवासियों के लिए आस्था, संस्कृति और उल्लास का केंद्र रहेगा।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 9 बजे किशोरपुरा स्थित आशापुरा माताजी मंदिर में विधि-विधान से पूजन होगा। इसमें जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी शामिल होकर मेले के सफल आयोजन तथा शहर की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
शाम 5.30 बजे श्रीराम रंगमंच पर उद्घाटन समारोह होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक शांति धारीवाल, संदीप शर्मा और कल्पना देवी भी मौजूद रहेंगे।
मेला अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि समारोह की शुरुआत मेले के ध्वज के ध्वजारोहण से होगी। इसके बाद बरखा जोशी और उनके समूह के कलाकार रामभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। फिर राघवेंद्र कला संस्थान की ओर से श्रीरामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा।
