नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। राष्ट्रीय दशहरा मेले में शुक्रवार को विजयश्री रंगमंच पर लेजर लाइट और साउंड शो के जरिए रामायण के प्रसंग जीवंत हो उठे। रंग-बिरंगी लेजर किरणों से पर्दे पर भगवान श्रीराम, मां सीता और रामायण के अन्य पात्रों की आकृतियां उभरीं तो दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। अत्याधुनिक लेजर एनीमेशन, संगीत और विशेष ध्वनि प्रभावों के तालमेल ने रामायण की कथा को नए अंदाज में प्रस्तुत किया।
शो की शुरुआत 'देवा हो देवा गणपति देवा...' की मधुर प्रस्तुति से हुई। इसके बाद भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर वनवास, राक्षसों के संहार, लंका विजय और रावण वध तक के प्रमुख प्रसंगों को लेजर एनीमेशन के माध्यम से दिखाया गया। पर्दे पर बदलती रंगीन आकृतियों और संगीत के साथ दृश्यों ने दर्शकों को रामायण की कथा से जोड़े रखा। भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और रामराज्य की स्थापना के प्रसंग के दौरान मेला परिसर श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलक्टर पीयूष समारिया, कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, पूर्व निदेशक कोटा नागरिक सहकारी बैंक जितेन्द्र राजावत (गब्बर), महापौर अनुसुइया गोस्वामी, उपायुक्त एवं मेला अधिकारी धीरज कुमार सोनी, मुख्य अभियंता एवं सहायक मेला अधिकारी महेश चंद्र गोयल, मेला प्रभारी सत्यनारायण राठौर, अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास और पार्षदों ने मां सरस्वती एवं भगवान श्रीगणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
लेजर की रंगीन रोशनी, संगीतमय प्रस्तुतियों और ध्वनि प्रभावों के बीच रामायण के प्रसंगों की इस प्रस्तुति ने विजयश्री रंगमंच पर भक्ति और रोमांच का माहौल बना दिया। दर्शकों ने शो का आनंद लिया।
