नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में विजयश्री रंगमंच पर शुक्रवार से दो दिवसीय लेजर, साउंड और लाइट शो आयोजित किया जाएगा। आधुनिक तकनीक के जरिए रामायण के प्रमुख प्रसंगों को रंग-बिरंगी रोशनी, लेजर एनीमेशन और प्रभावशाली ध्वनि के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि शो में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को इस तरह प्रदर्शित किया जाएगा कि दर्शकों को कथा के अलग-अलग दृश्यों का अनुभव एक साथ मिल सके।
विशाल स्क्रीन बनेगी दृश्यों का कैनवास
शो में विशाल स्क्रीन को कैनवास के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। लेजर एनीमेशन और बीम शो के माध्यम से स्क्रीन पर रामायण के प्रसंग उकेरे जाएंगे। प्रस्तुति में भगवान श्रीराम के जन्म, वनवास, राक्षसों के संहार, राम-रावण युद्ध और लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी सहित राज्याभिषेक तक की कथा दिखाई जाएगी। प्रकाश और ध्वनि के तालमेल से प्रत्येक प्रसंग को दृश्यात्मक रूप दिया जाएगा।
संगीत और रोशनी से सजेगी रामकथा
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रामायण के प्रसंगों का संगीतमय वर्णन रहेगा। विशेष ध्वनि प्रभावों और आधुनिक लाइट व्यवस्था के साथ भक्तिमय संगीत प्रस्तुत किया जाएगा। लेजर की किरणों और रंग-बिरंगे दृश्यों के जरिए विजयश्री रंगमंच पर रामायण की कथा को नए अंदाज में पेश करने की तैयारी है।
आयोजन का उद्देश्य मेले में आने वाले दर्शकों को भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं से आधुनिक तकनीक के माध्यम से जोड़ना है। दो दिवसीय शो में रामायण के प्रमुख प्रसंगों को आकर्षक दृश्य प्रस्तुति के रूप में देखने का अवसर मिलेगा।
