नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा के राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में इस बार रावण दहन स्थल पर बदलाव किया गया है। नगर निगम ने विजयश्री रंगमंच के सामने स्थित पुराने पेडस्टल को हटाकर नया मजबूत पेडस्टल तैयार कराया है। साथ ही रावण दहन स्थल को रंगमंच से लगभग 500 फीट आगे स्थानांतरित किया गया है। नगर निगम के अनुसार, यह बदलाव पुतलों की ऊंचाई, सुरक्षा और दर्शकों को बेहतर दृश्य उपलब्ध कराने को ध्यान में रखकर किया गया है।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि पुराना पेडस्टल विजयश्री रंगमंच के ठीक सामने था, जिससे रंगमंच की दृश्यता और सुंदरता प्रभावित होती थी। इसे हटाकर नई जगह पर मजबूत संरचना तैयार कराई गई है। मेला अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद दहन स्थल का निर्माण कार्य कराया गया।
पुतलों के लिए मजबूत आरसीसी फाउंडेशन
दहन स्थल की जमीन को ध्यान में रखते हुए पुतलों को मजबूती और संतुलन देने के लिए आरसीसी फाउंडेशन तैयार किए गए हैं। रावण के पुतले के लिए 20×20 फीट का, जबकि कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के लिए 12×12 फीट के फाउंडेशन बनाए गए हैं। इनकी गहराई पांच फीट रखी गई है। संरचना में स्टील की विशेष जैक वाली रॉड लगाई गई हैं। पेडस्टल पर फिश प्लेट के जरिए जोड़ भी तैयार किए गए हैं, ताकि पुतलों को मजबूती से स्थापित किया जा सके।
नगर निगम का कहना है कि नई व्यवस्था से रावण दहन के दौरान सुरक्षा और दृश्यता बेहतर करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, जनप्रतिनिधि और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
