नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 और रावण दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोटा शहर पुलिस अलर्ट है। शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए बताया कि मेले में लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक व्यवस्था की जाएगी।
मेले में ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त पुलिस बल के जरिए निगरानी रखी जाएगी। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी। रावण दहन से लेकर मेले के आयोजन तक राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) और होमगार्ड के जवान भी तैनात रहेंगे।
पुलिस प्रशासन की ओर से मेले में विशेष पुलिस थाना स्थापित किया जाएगा, ताकि किसी परेशानी या आपात स्थिति में दर्शकों और मेले में आने वाले लोगों को तत्काल सहायता मिल सके। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य मेले के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
