नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कोटा दक्षिण विधायक माननीय संदीप शर्मा जी, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम, नगर निगम आयुक्त और मेला अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा का दशहरा मेला शहर की शान है। जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मेले में पर्याप्त संख्या में पुलिस जवान तैनात किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग, केईडीएल, चिकित्सा विभाग और जलदाय विभाग व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखें। संपूर्ण मेला परिसर में नेटवर्क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त मोबाइल टावर स्थापित किए जाएं।
बैठक के दौरान महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि मेले के सफल आयोजन में सभी विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी विभाग अपने दायित्वों को पूरी क्षमता से पूरा करें। इसमें नगर निगम उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी की भावनाओं के अनुरूप मेले का आयोजन और आमजन उसका आनंद लें। इसके साथ ही उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों से नवरात्र के दौरान मुफ्त बस सेवा प्रारंभ करने के लिए भी कहा ताकि आमजन रामलीला का आनंद लेने के लिए दशहरा मैदान आ सकें। इस पर सभी ने सहमति व्यक्त की।
उपमहापौर विवेक राजवंशी ने कहा कि पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि मेला परिसर में बनी पुलिस चौकियों की कार्यप्रणाली से व्यापारियों और आमजन को असुविधा न हो। बैठक के उपरांत सभी ने मेला प्रांगण का निरीक्षण भी किया।
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर या निजी व्यक्ति नगर निगम की अनुमति के बिना ड्रोन नहीं उड़ा सकेगा। अनाधिकृत ड्रोन उड़ाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को कहा कि निगम द्वारा अधिकृत इंफ्लूएंसर्स की भी ब्रिफिंग की जाए।
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने आपातकालीन स्थिति के लिए सीएडी सर्किल से किशोरपुरा थाने की ओर एक रास्ता पूरी तरह खाली रखने पर बल दिया। आयुक्त एवं मेलाधिकारी ओमप्रकाश मेहरा ने मेला आयोजन के लिए अब तक की गई तैयारियों का ब्यौरा दिया। साथ ही कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप मेला आयोजन के लिए तैयारियां की गई हैं। इसमें सभी विभागों का सहयोग आवश्यक है।
शराब पीकर मेले में घूमना पड़ेगा भारी
चर्चा के दौरान मेले में उपद्रवी तत्वों पर नियंत्रण के लिए शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने पुलिस अधिकारियों को ब्र्रेथलाइजर मशीन के उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि गत वर्ष की घटनाओं को देखते हुए पार्किंग संचालकों की औचक जांच भी की जाए।
अंडरलोड कनेक्शन पर कार्यवाही करे केईडीएल
बैठक में मेला प्रांगण में बार-बार विद्युत ट्रिपिंग पर भी चर्चा हुई केईडीएल ने कहा कि अधिकांश झूला संचालक अंडरलोड कनेक्शन लेते हैं। इस पर उन्हें निर्देश दिए गए कि कनेक्शन अंडरलोड मिलने पर कार्यवाही करें, लेकिन ट्रिपिंग के लिए बहानेबाजी नहीं चलेगी। साथ ही केईडीएल को मेला समाप्ति के बाद निश्चित अवधि में व्यापारियों की सिक्योरिटी लौटाने के भी निर्देश दिए गए।
यह भी लिए गए निर्णय
* पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी की संख्या बढ़ाई जाए।
* मेले के प्रवेश और निकास के सभी मार्गों पर सर्विलांस हो।
* पार्किंग की रेट लिस्ट बड़े अक्षरों में प्रदर्शित की जाए।
* झूलों के रेट और वह कितना चक्कर घुमाएंग, स्पष्ट अंकित किया जाए।
* चिकित्सा विभाग 24 घंटे पर्याप्त संख्या में डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ तैनात करेगा
* चिकित्सा विभाग द्वारा खाद्य सामग्री की लगातार सेम्पलिंग करेगा।
* दुकानों पर एलपीजी सिलेंडर का भंडारण तय सीमा में ही रखने की अनुमति होगी।
