नागरिक अभिव्यक्ति | कोटा 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को नगर निगम में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा जी एवं लाडपुरा विधायक कल्पना देवी तथा महापौर अनुसुईया गोस्वामी की उपस्थिति में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मेले की तैयारियों, कार्यक्रमों, सुरक्षा, पार्किंग और आमजन के लिए आकर्षण बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत में महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने दोनों विधायकों का स्वागत किया।इसके बाद आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने विभिन्न हितधारकों के साथ हुई बैठकों में प्राप्त सुझावों और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने मेले की तैयारियों में अब तक किए गए कार्यों तथा प्रस्तावित कार्यक्रमों के संबंध में भी अवगत कराया।
फेज-2 में बढ़ाएं आकर्षण
विधायक संदीप शर्मा जी ने कहा कि मेले के फेज-2 के लिए भी अभी से बेहतर प्लानिंग की जाए। यहां ऐसे आकर्षण विकसित किए जाएं, जो मेले में आने वाले लोगों के मनोरंजन का माध्यम बन सकें। उन्होंने मेले में ईवी जोन विकसित करने के लिए भी गंभीरता से प्रयास करने का सुझाव दिया। उन्होंने मेले में वाहनों की बिक्री को प्रोत्साहित करने के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट देने के संबंध में राज्य सरकार को भेजे गए पत्र की प्रति उपलब्ध कराने को कहा, ताकि वे और विधायक कल्पना देवी जी अपने स्तर पर भी इस संबंध में प्रयास कर सकें।
रावण दहन और सवारी के दृश्य हर जगह दिखें
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी जी ने रावण दहन और भगवान लक्ष्मी नारायणजी की सवारी सहित प्रमुख आयोजनों के दौरान मेले के विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे मेले में मौजूद लोगों को दूर से भी कार्यक्रमों के दृश्य दिखाई दे सकेंगे और एक स्थान पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने विदेशी मेहमानों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था करने तथा उनके प्रवेश को व्यवस्थित रखने का सुझाव दिया। साथ ही साफा प्रतियोगिता के साथ कोटा पाग प्रतियोगिता आयोजित करने की बात भी कही।
परंपराओं का हो पालन पारदर्शी हो दुकान आवंटन
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि दशहरा मेला कोटा की परंपरा और विरासत का भव्य उदाहरण है। मेले में हमारी सभी प्रमुख रीति-रिवाजों और परंपराओं का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुकानों का आवंटन पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से हो और विशेष रूप से छोटे दुकानदारों के हितों का ध्यान रखा जाए।
महापौर ने कहा कि ऐसी शिकायतें सामने आती हैं कि कुछ दुकानदार आवंटन के बाद दुकानों को आगे ब्लैक में बेच देते हैं। इस प्रवृत्ति पर सख्ती से रोक लगाने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा व्यापक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए।
पार्किंग में अवैध वसूली पर लगे रोक
महापौर ने कहा कि मेले के दौरान पार्किंग को लेकर आम लोगों को परेशानी होती है। इसलिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था की जाए और पार्किंग के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि रावण दहन और अन्य अवसरों पर होने वाली आतिशबाजी को पहले से अधिक आकर्षक बनाया जाए, लेकिन इसमें एनजीटी के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित हो, ताकि वायु प्रदूषण को नियंत्रित रखा जा सके।
सुझावों पर होगी कार्यवाही
बैठक के अंत में आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने कहा कि विधायकगण एवं महापौर की ओर से दिए गए सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों से मेले की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
बैठक में उपायुक्त सृष्टि डबास, उपायुक्त भावना सिंह, धीरज कुमार सोनी, मुख्य अभियंता महेश चंद्र गोयल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता जीपी शर्मा सहित विभिन्न अनुभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
