कोटा, 2 नवंबर। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में सोमवार रात विजयश्री रंगमंच पर हास्य का रंग जमा। स्टैंड-अप कॉमेडी नाइट में कॉमेडियन रवि खुराना और गौरव महाना ने रोजमर्रा की जिंदगी, पारिवारिक रिश्तों और शादी-ब्याह से जुड़े प्रसंगों को अपने चुटीले अंदाज में पेश कर दर्शकों को खूब गुदगुदाया। उनके कॉमेडी पंच पर पूरा रंगमंच ठहाकों और तालियों से गूंजता रहा। नगर निगम की ओर से मोशन एजुकेशन ग्रुप के विशेष सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने देर रात तक हास्य का आनंद लिया।
दोनों कलाकारों ने आम आदमी की आदतों और सामाजिक व्यवहार से जुड़े छोटे-छोटे प्रसंगों को हास्य का रूप दिया। मां-बेटे के रिश्ते, मां का प्यार, डांट और घर-परिवार की रोजमर्रा की नोकझोंक पर किए गए व्यंग्य ने दर्शकों को खूब हंसाया। पंजाबियों के खान-पान, मां के हाथ के राजमा-चावल और उनसे जुड़े मोटापे के मजेदार किस्सों पर भी जमकर ठहाके लगे।
भारतीय शादियों में बढ़ते दिखावे, खर्च और तैयारियों की उथल-पुथल को गौरव महाना ने अपने अंदाज में मंच पर उतारा। शादी से पहले और बाद की जिंदगी में आने वाले बदलाव, नई जिम्मेदारियां और पति-पत्नी के बीच की नोकझोंक उनके हास्य का खास हिस्सा रही। वहीं रवि खुराना ने लड़कियों की सेल्फी और फोटो खिंचवाने के अंदाज सहित सामाजिक व्यवहार से जुड़े प्रसंगों पर चुटीले संवादों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम की खासियत कलाकारों और दर्शकों के बीच सीधा संवाद रहा। कॉमेडियन्स ने दर्शकों से बातचीत कर उनकी प्रतिक्रियाओं को भी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया। रवि खुराना की संवाद अदायगी और गौरव महाना के हाव-भाव ने पूरे कार्यक्रम में हास्य का माहौल बनाए रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महापौर अनुसूइया गोस्वामी, मोशन एजुकेशन के चेयरमैन सुरेंद्र विजय, फाउंडर नितिन विजय, रूपेश शर्मा, गीता शर्मा, अमित जैन, महंत नारायण सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
