कोटा | 14 अगस्त 2026
कोटा। देश की प्रमुख शिक्षा नगरी कोटा में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 133वें राष्ट्रीय मेलादशहरा-2026 को अधिक भव्य, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप देने की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर निगम कोटा द्वारा आयोजित इस मेले को खास तौर पर विद्यार्थियों के अनुकूल (Student-Friendly) बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रमुख कोचिंग संस्थानों, हॉस्टल एसोसिएशन और होटल फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय परामर्श बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कोचिंग प्रतिनिधियों ने देश भर से कोटा आने वाले लाखों विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा, आवागमन और सांस्कृतिक जुड़ाव को लेकर कई महत्वपूर्ण और दूरगामी सुझाव रखे।
1. स्टूडेंट ID कार्ड पर विशेष डिस्काउंट की मांग
बैठक में सबसे प्रमुख सुझाव विद्यार्थियों के लिए विशेष रियायतों को लेकर रहा। प्रतिनिधियों ने कहा कि कोटा में हर साल लाखों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं और वे मेले में भारी संख्या में पहुंचते हैं।
- पहचान पत्र पर छूट: कोचिंग और स्कूल के विद्यार्थियों को उनके वैध छात्र पहचान-पत्र (Student ID) के आधार पर झूलों, प्रदर्शनियों और प्रमुख आकर्षणों के टिकट में विशेष छूट दी जाए।
- प्रमोशनलवीडियो: कोचिंग संस्थानों के डिजिटल ऐप और प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से मेले के प्रमोशनल वीडियो विद्यार्थियों तक पहुंचाए जाएं।
- मोटिवेशनलसेशंस: पढ़ाई के तनाव को दूर करने और सकारात्मक ऊर्जा देने के लिए मेला परिसर में देश के जाने-माने मोटिवेशनलस्पीकर्स के विशेष सत्र आयोजित किए जाएं।
2. महिला सुरक्षा और व्यवस्थित पार्किंग पर जोर
मेले के दौरान सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई:
- महिला सुरक्षा बल: छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मेला परिसर में पर्याप्त संख्या में महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाए।
- अलग पार्किंग व्यवस्था: छात्राओं और महिला आगंतुकों के लिए अलग, सुरक्षित पार्किंग ज़ोन बनाया जाए।
- तय पार्किंग शुल्क: मनमाने पार्किंग शुल्क पर रोक लगाने के लिए दरें पहले से सार्वजनिक रूप से तय और प्रदर्शित की जाएं, ताकि किसी को असुविधा न हो।
3. रेलवे स्टेशन से लेकर होटलों तक डिजिटल प्रचार अभियान
मेले को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर सशक्त पहचान दिलाने के लिए व्यापक डिजिटल प्रचार का खाका भी तैयार किया गया:
- एलईडी स्क्रीन डिस्प्ले: कोटा रेलवे स्टेशन, प्रमुख बस स्टैंड और शहर के प्रमुख चौराहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीनों के जरिए मेले के मुख्य कार्यक्रमों, तिथियों और आकर्षणों का लाइव व नियमित प्रसारण किया जाए।
- होटल नेटवर्क का सहयोग: होटल एसोसिएशन के सहयोग से शहर के होटलों की वेबसाइट्स, लॉबी और डिजिटल बोर्ड्स पर मेले का पूरा शेड्यूल, फोटो और वीडियो उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों और अभिभावकों को आसानी से जानकारी मिल सके।
4. सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने का अवसर
प्रतिनिधियों ने जोर देकर कहा कि 133वां दशहरा मेला केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि कोटा की समृद्ध ऐतिहासिक व सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का बड़ा मंच है। यदि सुरक्षा, आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रचार और कोटा की सांस्कृतिक विरासत का उचित समन्वय किया जाए, तो यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर कोटा की साख को एक नया मुकाम देगा।
📌 बैठक में ये रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एलनकैरियर इंस्टीट्यूट (Allen), रेजोनेंस (Resonance), मोशन (Motion), करियर विल (Careerwill), सर्वम (Sarvam) - फिजिक्स वाला (Physics Wallah), चंबल हॉस्टल एसोसिएशन, कोरल हॉस्टल एसोसिएशन और कोटा होटल फेडरेशन के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
