कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में बिना अनुमति कंपनियों की प्रचार सामग्री लगाने वाले व्यापारियों के खिलाफ नगर निगम कार्रवाई करेगा। मेला प्रांगण में दुकानों पर प्रचार सामग्री लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद निगम ने व्यापारियों को इसे हटाने या नियमानुसार अनुमति लेने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को मेला प्रांगण के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त धीरज कुमार सोनी ने विभिन्न दुकानों पर कंपनियों की प्रचार सामग्री लगी देखी। इस पर उन्होंने संबंधित व्यापारियों को निर्देश दिए कि वे बिना अनुमति लगाई गई प्रचार सामग्री तत्काल हटा लें। यदि वे प्रचार सामग्री लगाना चाहते हैं तो नगर निगम में निर्धारित राशि जमा करवाकर नियमानुसार अनुमति प्राप्त करें।
उपायुक्त सोनी ने स्पष्ट किया कि मेले में प्रचार-प्रसार के लिए निर्धारित नियमों की पालना करना अनिवार्य है। शुक्रवार से मेला प्रांगण में इसकी नियमित जांच की जाएगी। जांच के दौरान किसी भी दुकान पर बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगी मिलने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस चेतावनी के बाद मेला प्रांगण में दुकानदारों को प्रचार सामग्री लगाने के नियमों का पालन करना होगा। निगम का उद्देश्य मेले में प्रचार गतिविधियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संचालित करना है।
