नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। दशहरा मेले की रौनक के बीच आॅल स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी (एएसडब्ल्यूएस) आमजन की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में मददगार बनी हुई है। मेले में रोजाना पहुंच रहे हजारों लोगों को सोसायटी की ओर से नि:शुल्क प्राथमिक चिकित्सा और जल सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 300 से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार दिया जा चुका है।
सोसायटी अध्यक्ष मुकेश सारस्वत ने बताया कि संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एवं संरक्षक डॉ. नवीन माहेश्वरी के निर्देश पर यह सेवा लगातार चौथे वर्ष संचालित की जा रही है। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के सहयोग से दोपहर 3 बजे से देर रात तक मेडिकल स्टाफ तैनात रहता है, ताकि मेले में किसी की तबीयत बिगड़ने या चोट लगने पर तत्काल सहायता मिल सके।
चिकित्सा केंद्र पर पलंग, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और जांच के विभिन्न उपकरणों की व्यवस्था की गई है। यहां लोगों का ब्लड प्रेशर जांचने के साथ हल्की चोट, कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याओं में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मेले में उमड़ रही भीड़ के बीच सोसायटी की यह पहल आमजन के लिए राहत का माध्यम बनी हुई है।
