नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में 26 अक्टूबर को पुराने फिल्मी गीतों की सुरमयी महफिल सजेगी। लाइक माइंडेड प्रोफेशनल्स ग्रुप, कोटा की ओर से दशहरा मैदान स्थित विजयश्री रंगमंच पर ‘एक शाम पुराने गीतों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम दौर के सदाबहार गीतों के जरिए संगीत प्रेमियों को पुरानी यादों से रूबरू कराया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे शुरू होकर रात 11 बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम का पोस्टर जलसा रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संस्था अध्यक्ष एडवोकेट एम.एल. पाटोदी, महामंत्री सीए अजय कुमार जैन और उनकी टीम ने विमोचित किया। महामंत्री अजय कुमार जैन ने बताया कि पुराने फिल्मी गीतों के संगीत और भावपूर्ण बोल आज भी श्रोताओं के मन में खास जगह रखते हैं। इसी भावना के साथ संगीत संध्या को यादगार बनाने की तैयारी है।
कार्यक्रम में लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, मुकेश, मन्ना डे, आशा भोसले और महेंद्र कपूर के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। कोटा सहित विभिन्न क्षेत्रों के गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। खास बात यह है कि चार्टर्ड अकाउंटेंट, चिकित्सक, अधिवक्ता और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े पेशेवर भी अपनी गायन प्रतिभा दिखाएंगे। 15 से अधिक वादक कलाकारों का लाइव ऑर्केस्ट्रा गीतों को संगीतमय अंदाज में प्रस्तुत करेगा।
संस्था अध्यक्ष एडवोकेट एम.एल. पाटोदी ने बताया कि राष्ट्रीय दशहरा मेला कोटा की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। संगीत संध्या के आयोजन में महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी और नगर निगम आयुक्त एवं मेला अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा का सहयोग और मार्गदर्शन मिल रहा है।
दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्थित व्यवस्था के साथ आधुनिक लीनियर एकॉस्टिक साउंड सिस्टम और 3डी विजुअल एलईडी स्क्रीन का उपयोग किया जाएगा। वीआईपी और सामान्य दर्शक दीर्घाओं की अलग-अलग व्यवस्था प्रस्तावित है। कोटा से बाहर रहने वाले संगीत प्रेमियों के लिए संस्था के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कार्यक्रम का हाई-डेफिनिशन लाइव प्रसारण भी होगा।
संस्था पदाधिकारियों के अनुसार, लाइक माइंडेड प्रोफेशनल्स ग्रुप वर्ष 2015 से कोटा में शास्त्रीय और सुगम संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय है। संस्था भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संगीत परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित करती रही है। संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के ‘इंडिया नहीं, भारत बोलो’ संदेश से प्रेरित होकर संस्था भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास भी कर रही है।
प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष पीसी पवन (सेवानिवृत्त आईएएस), वरिष्ठ सदस्य महेश सेठी, सचिव सीए अजय जैन, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुरेश जैन हरसोरा, डॉ. सुबोध जैन, पंकज सेठी, ज्ञानेन्द्र अग्रवाल, वीना जैन, अलका अग्रवाल, शोभा गुप्ता और नीलम गोयल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनील भटनागर करेंगे।
