नागरिक अभिव्यक्ति | कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोटा पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए अलग-अलग मामलों में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्मैक सेवन, शराब पीकर वाहन चलाने, नशे की हालत में हंगामा करने और मेले में उत्पात मचाने के मामलों में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान नशे की हालत में हंगामा करने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अलग-अलग मामलों में शांतिभंग के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई ऑपरेशन H.A.W.K. और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत की गई। पुलिस का उद्देश्य मेले में आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और नशे के कारण होने वाली अव्यवस्थाओं पर अंकुश लगाना है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर अभियान जारी है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा पर ध्यान दे रही है।
कोटा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
