कोटा, 4 नवंबर। राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 के तहत मंगलवार शाम विजयश्री रंगमंच पर आयोजित पंजाबी नाइट में गायक जस्सी गिल और बब्बल राय ने अपने लोकप्रिय गानों से समां बांध दिया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों पर हजारों दर्शक झूमते नजर आए। पंजाबी संगीत और भांगड़े की धुनों के बीच रंगमंच प्रांगण देर रात तक दर्शकों से भरा रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत गायक बब्बल राय ने की। उन्होंने ‘राम-राम कोटा’ कहकर शहरवासियों और विद्यार्थियों का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने ‘वन ड्रीम’, ‘तेरे लाई’, ‘ड्रीम बॉय’, ‘मेरा ना रहा’, ‘तौर’, ‘गर्लफ्रेंड’, ‘जट्टन दा मुंडा’, ‘डेयर भरजाई’, ‘ए काश’ और ‘शकीनी’ जैसे गानों की प्रस्तुतियां दीं।
बब्बल राय ने पंजाबी गीतों के साथ हिंदी के लोकप्रिय गाने भी सुनाए। ‘किन्नी सोनी रब ने बनाई है’, ‘प्यार हमें किस मोड़ पर ले आया’, ‘कजरा मोहब्बत वाला’, ‘शहर दी कुड़ी’, ‘दुपट्टा तेरा सात रंग दा’, ‘बणके मोरनी’, ‘धीरे-धीरे से मेरी जिंदगी में आना’, ‘जरा तस्वीर से तू निकलकर सामने आ’ और ‘व्हाई दिस कोलावेरी डी’ जैसे गीतों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकार का उत्साह बढ़ाया।
जस्सी गिल के हिट गानों पर थिरके दर्शक
इसके बाद मंच पर पहुंचे जस्सी गिल ने ‘दिल जिंदा टूटदा’, ‘रोई ना याद मेरी आई’ और ‘चन्ना वे तेरी चन्नानी’ जैसे गीतों से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘बापू जमीदार’, ‘गिटार सिखदा’, ‘निकले करंट’, ‘सुरमा काला’, ‘लादेन’, ‘नखरे’, ‘इक साला’, ‘औकात’, ‘अल्लाह वे’, ‘दिल टन ब्लैक’, ‘गबरू’ और ‘बोर हो गया’ सहित अपने लोकप्रिय गाने प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान दर्शक पंजाबी बीट्स पर थिरकते रहे।
महापौर और मेला समिति ने किया कलाकारों का स्वागत
कार्यक्रम में नगर निगम की महापौर अनुसुइया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी, मेला अधिकारी ओपी मेहरा तथा पार्षद शोमा अहलूवालिया, सुनीता नायक, सुरेश जादौन, मुकेश शर्मा और मोहनलाल सुमन ने कलाकारों और आमंत्रित अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर बीएल गोचर, मयंक सेठी, शैलेंद्र ऋषि, संजय निझावन, सागर पिपलानी, कमल अदलक्खा, जैस्मीन मेवाड़ा, डॉ. संजय मालिक, तेजेन्दर सिंह, दविन्दर कौर नरूला, योगेश आहलुवालिया और वरिष्ठ समाजसेवी अवतार सिंह चंडी सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विद्यार्थियों और युवाओं में दिखा उत्साह
पंजाबी नाइट को लेकर युवाओं और कोचिंग विद्यार्थियों में खास उत्साह रहा। विजयश्री रंगमंच प्रांगण दर्शकों से खचाखच भरा रहा। कलाकारों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। पंजाबी गीतों, भांगड़े और संगीत के बीच देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा।
