नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में खेल और परंपरा का रोमांच एक बार फिर कुश्ती दंगल के रूप में देखने को मिलेगा। मेले के तहत 2 से 4 नवंबर तक तीन दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें आठ अलग-अलग टाइटल्स के लिए पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। मुकाबलों में विजेता पहलवानों को कुल 13 लाख रुपए की इनामी राशि वितरित की जाएगी।
दंगल का उद्घाटन गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम और राजस्थान कुश्ती संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजीव दत्ता करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में पहलवानों के बीच दमखम, तकनीक और दांव-पेच की जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। कुश्ती दशहरा मेले की पारंपरिक खेल गतिविधियों में शामिल रही है। ऐसे में इस आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और कुश्ती के शौकीनों में उत्साह रहने की उम्मीद है।
आठ खिताबों के लिए होने वाले मुकाबलों में पहलवान अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। 13 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दंगल का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
